जोधा अकबर में पहना ऐश्वर्या राय का लहंगा पहुंचा ऑस्कर।

साल 2008 में आशुतोष गोवारिकर की पीरियड ड्रामा फिल्म जोधा अकबर रिलीज हुई थी। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय काफी ज्यादा खूबसूरत लगी थीं। इस दौरान उन्होंने एक रेड कलर का आइकॉनिक लहंगा पहना था जिसे डिजाइनर नीता लुल्ला ने तैयार किया था।

अब इस लहंगे के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। इस लहंगे को अकादमी संग्रहालय की कलर इन मोशन प्रदर्शनी में रखा गया है। प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कारों के लिए मशहूर अकादमी ने हाल ही में घोषणा साझा की और प्रशंसकों को रोमांचित कर दिया। अकादमी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर ऐश्वर्या राय का ये लुक शेयर किया है। इस लहंगे को एक्ट्रेस ने अपनी शादी के समय पहना था जिसे उन्होंने भारी भरकम ज्वेलरी के साथ पेयर किया था।

वीडियो शेयर करते हुए एकेडमी ने लिखा, “ये लहंगा एक क्वीन पर एकदम फिट होता है, जो कि सिल्वर स्क्रीन के लिए डिजाइन किया गया था। जोधा अकबर (2008) में ऐश्वर्या राय की शादी का ये रेड वेडिंग लहंगा आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है। इसकी खूबसूरत जरदोजी की कढ़ाई, सदियों पुरानी कला को दर्शाती है और ज्वैलरी की एक बेहतरीन क्वालिटी भी दिखाती है। आप जब इसे करीब से देखेंगे तो इसमें एक मोर बना हुआ भी नजर आएगा, जो कि भारत का राष्ट्रीय पक्षी है। ये पूरी तरह हीरे-जवाहरात से बना हुआ है। नीता लुल्ला ने सिर्फ एक कॉस्ट्यूम नहीं डिजाइन की है, बल्कि ये भारत की विरासत का प्रतीक है।”

वहीं फैन्स भी कमेंट सेक्शन में ऐश के लिए चीयर करने लगे। एक यूजर ने लिखा,”आखिरकार प्रतिष्ठित भारतीय फिल्में अकादमी पेज पर फीचर हो रही हैं।” दूसरे ने लिखा- फाइनली ऐश्वर्या राय की मूवी पर किसी ने ध्यान दिया।

एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) की बात करें तो, इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में 97वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की तरफ से किरण राव द्वारा निर्देशित लापता लेडीज को भेजा गया था जोकि शॉर्टलिस्ट नहीं हो पाई। यह फिल्म अब ऑस्कर की रेस में नहीं है।हालांकि भारत के लिए अभी भी आशा की एक किरण बाकी है। गुनीत मोंगा की अनुजा अभी भी दौड़ में बनी हुई है।

Leave a Comment