बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म सिकंदर अगले साल ईद पर रिलीज होने की तैयारी में है। भाईजान एआर मुरुगदास निर्देशित फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इस बीच फिल्म में एक अभिनेता की एंट्री हुई है, जो खलनायक की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
साजिद नाडियावाला निर्मित सिकंदर में सलमान खान का सामना 37 साल के एक्टर के साथ होने वाला है। काफी समय से फिल्म के विलेन को लेकर चर्चा हो रही थी। अब खुद अभिनेता ने अपनी भूमिका को कन्फर्म कर दिया है।
यह अभिनेता कोई और नहीं बल्कि राज बब्बर और स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक बब्बर हैं, जिन्होंने जाने तू या जाने ना से बॉलीवुड में कदम रखा था। लंबे समय से उनकी एंट्री की अफवाहें उड़ रही थीं। जब अभिनेता से सिकंदर में आने की अफवाहों को लेकर पूछा गया, तब उन्होंने इंस्टैंट बॉलीवुड सग बातचीत में कहा-अफवाहें सच हैं। मैं सलमान भाई के साथ काम कर रहा हूं। मैं उनके साथ सिकंदर में हूं। मैं नेगेटिव रोल में हूं। इसमें मजा आया। सपने सच हो गए। मैं उनकी फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं। उनकी जर्नी से मैं बहुत प्रेरित हुआ हूं।
इसके अलावा प्रतीक बब्बर ने सलमान खान को मेगास्टार बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने अभिनेता के साथ सीन शूट किया, वह उनके साथ बहुत विनम्र रहे हैं। उन्होंने उनका बहुत सपोर्ट किया है।