पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। मनमोहन सिंह न केवल 10 साल तक देश के प्रधानमंत्री रहे बल्कि बतौर वित्त मंत्री उन्होंने आर्थिक सुधार में बड़ा योगदान दिया। मनमोहन सिंह बड़े शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनकी बेटियां शिक्षा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती हैं। आइए बताते हैं कि मनमोहन सिंह के परिवार में कौन-कौन है।
मनमोहन सिंह का विवाह साल 1958 में गुरशरण कौर से हुआ। गुरशरण इतिहास की प्रोफेसर और एक लेखिका रही हैं। वह शिक्षित और सांस्कृतिक रुचि रखने वाली महिला हैं। उन्होंने अपने पति के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई।
मनमोहन सिंह की तीन बेटियां हैं, जिनके नाम अमृत सिंह, दमन सिंह और उपिंदर सिंह हैं। उनकी तीनों बेटियों ने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर अपने-अपने क्षेत्रों में सफलताएं हासिल कीं।
उपिंदर सिंह एक जानी मानी इतिहासकार हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय में इतिहास की प्रोफेसर रह चुकी हैं। उन्होंने भारतीय इतिहास पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखी हैं।वहीं उनकी दूसरी बेटी दमन सिंह एक लेखिका हैं। उन्होंने अपने माता-पिता की जीवनी ‘स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन एंड गुरशरण’ लिखी है, जिसमें परिवार के व्यक्तिगत जीवन के पहलुओं को उजागर किया गया है।मनमोहन सिंह की छोटी बेटी अमृत सिंह एक मानवाधिकार वकील हैं और अमेरिका में कार्यरत हैं। उन्होंने नागरिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
मनमोहन सिंह की बेटियां तो सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं हीं। वहीं उनके दामाद और दमन सिंह के पति अशोक पटनायक आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी शादी 1991 में हुई थी। पटनायक 1983 बैच के गुजरात कैडर के अधिकारी हैं, जो इंटेलिजेंस ब्यूरो में अडिशनल डायरेक्टर रहे हैं। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड (नैटग्रिड) का सीईओ नियुक्त किया गया था।